31 दिसंबर तक कराएं फसल बीमा, नुकसान पर मिलेगा मुआवजा

Spread the love

31 दिसंबर तक कराएं फसल बीमा, नुकसान पर मिलेगा मुआवजा

गेहूं, मसूर, आलू, टमाटर और मटर फसल योजना में शामिल, 72 घंटे के भीतर देनी होगी आपदा की सूचना

बलिया। दैवीय आपदा से फसलों को होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिया जाएगा। रबी सीजन में जिले की गेहूं, मसूर, आलू, टमाटर और मटर की फसलों को योजना के तहत अधिसूचित किया गया है। इच्छुक गैर-ऋणी किसान, ठेकेदार और बटाईदार 31 दिसंबर तक फसल बीमा करा सकते हैं। शासन ने योजना को स्वैच्छिक कर दिया है।

किसान संबंधित बैंक शाखा, नजदीकी जनसेवा केंद्र, फसल बीमा पोर्टल www.pmfby.gov.in अथवा कृषि एवं उद्यान विभाग के ब्लॉक और जिला स्तरीय कार्यालयों से संपर्क कर बीमा करा सकते हैं।तहसील स्तर पर भारतीय कृषि बीमा कंपनी के कार्यालय से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जिले में गेहूं के लिए प्रति हेक्टेयर 1219.50 रुपये प्रीमियम पर 81,300 रुपये की बीमित राशि निर्धारित है। मसूर के लिए 1237.50 रुपये प्रीमियम पर 82,500 रुपये, आलू के लिए 6230 रुपये प्रीमियम पर 1,24,600 रुपये, टमाटर के लिए 1250 रुपये प्रीमियम पर 50 हजार रुपये और मटर के लिए 1750 रुपये प्रीमियम पर 70 हजार रुपये की बीमित राशि तय की गई है। ऋणी किसानों को बैंक की ओर से अनिवार्य रूप से योजना में शामिल किया जाता है।

बीमा नहीं कराने के इच्छुक ऋणी किसानों को निर्धारित प्रारूप में अंतिम तिथि से सात दिन पहले संबंधित बैंक शाखा में आवेदन देना होगा। योजना के तहत असफल बुवाई, मध्यावस्था में फसल नुकसान, फसल कटाई प्रयोगों के आधार पर क्षति तथा ओलावृष्टि, जलभराव, भूस्खलन, बादल फटने और आकाशीय बिजली से उत्पन्न आग जैसी स्थानीय आपदाओं में क्षतिपूर्ति का प्रावधान है। कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखी फसल को 14 दिनों के भीतर ओलावृष्टि, चक्रवात, चक्रवाती वर्षा या बेमौसम बारिश से नुकसान होने पर भी नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।स्थानीय आपदा या कटाई के बाद फसल नुकसान होने पर किसान को 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 अथवा क्रॉप इंश्योरेंस ऐप के माध्यम से सूचना देना अनिवार्य होगा। किसानों से समय सीमा के भीतर बीमा कराने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *