
श्रवण कुमार पांडेय
मनियर पीएचसी पहुंचे सीएमओ, स्वास्थ्यकर्मियों से ली विवाद की जानकारी
एएनएम, आशा बहू व आशा संगिनियों के आरोपों के बीच सीएचसी रिगवन की व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश

बलिया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. शैलेन्द्र सिंह रावत और एएनएम, आशा बहू व आशा संगिनियों के बीच चल रहे विवाद के बीच बुधवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभय नारायण राय पीएचसी मनियर पहुंचे। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों से पूरे मामले की बिंदुवार जानकारी ली और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीएमओ ने सीएचसी रिगवन की स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही पीएचसी मनियर पर तैनात आरबीएसके चिकित्सक और वीसीपीएम को तत्काल प्रभाव से सीएचसी रिगवन में रहकर कार्य करने का निर्देश दिया।

बताया जा रहा है कि विगत रविवार को एएनएम, आशा बहू और आशा संगिनियों ने विधायक केतकी सिंह के श्वसुर विश्राम सिंह से मुलाकात कर प्रभारी चिकित्साधिकारी पर अवैध धन उगाही और मनमाने तरीके से ड्यूटी लगाने सहित कई आरोप लगाए थे। मामले के समाधान के लिए मंगलवार को एसीएमओ अरविंद चौधरी पीएचसी पहुंचे और संबंधित लोगों से वार्ता कर विवाद सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। एसीएमओ ने मामले की रिपोर्ट मुख्य चिकित्साधिकारी को देने की बात कही थी।

इधर, बुधवार को नगर के आधा दर्जन से अधिक सभासद और स्थानीय लोग भी पीएचसी पहुंचे। उन्होंने सीएमओ के समक्ष प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. शैलेन्द्र सिंह रावत के पक्ष में अपनी बात रखते हुए कहा कि पूर्व में पीएचसी मनियर रेफर सेंटर जैसी स्थिति में पहुंच गया था। डॉ. रावत की नियुक्ति के बाद अस्पताल में 24 घंटे इमरजेंसी सेवा और चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध हो रही है। लोगों का कहना था कि पिछले कई वर्षों से स्थायी चिकित्सक की तैनाती को लेकर धरना-प्रदर्शन किए जाते रहे हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अब जब अस्पताल में स्थायी चिकित्सक की नियुक्ति हुई है और 24 घंटे सेवाएं मिल रही हैं तो कुछ स्वास्थ्यकर्मियों की ओर से शिकायतें की जा रही हैं। हालांकि, दूसरी ओर एएनएम, आशा बहुओं और आशा संगिनियों की ओर से लगाए गए आरोप भी जांच का विषय हैं। ऐसे में संबंधित अधिकारियों का पक्ष और जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इस दौरान राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित एवं प्रधान संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्र, अधिवक्ता कृष्ण कुमार, भाकपा माले नेता वसंत कुमार सिंह उर्फ मुन्नी सिंह, प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार पाठक उर्फ लड्डू बाबा, नगर पंचायत मनियर के चेयरमैन प्रतिनिधि अमृतेश सिंह अंटू, पूर्व सभासद विनय कुमार सिंह, सभासद प्रतिनिधि कंचन सिंह, भाजपा नेता एवं मनोनीत सभासद कमलेश उपाध्याय, सभासद राजकुमार गुप्ता उर्फ गाटर, सभासद प्रतिनिधि अभिमन्यु कुमार बागी, सपा नेता उपेंद्र पटेल, सभासद संजीत सिंह, अभिषेक कुमार गोंड़, कुंदन सिंह, छोटक राजभर, अखिलेश सिंह, शुभम प्रताप सिंह, रिंकू पटेल सहित कई लोग मौजूद रहे