जेल का फाटक खुलते ही भारत माता की जय व वंदे मातरम् के लगे गगनभेदी नारे

Spread the love

श्रवण कुमार पांडेय

जेल का फाटक खुलते ही भारत माता की जय व वंदे मातरम् के लगे गगनभेदी नारे

हजारों लोगों ने परिवहन मंत्री दयाशंकर, मंत्री दानिश अंसारी के नेतृत्व में जेल से निकाली भव्य तिरंगा जुलूस

वीर सेनानियों व शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर किया गया नमन

बलिया। बलिया बलिदान दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला कारागार का सांकेतिक फाटक से खाेलकर भव्य तिरंगा जुलूस निकाला गया। जेल का फाटक खुलते ही सेनानियों व उनके आश्रितों सहित हजारों लोगों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् के गगनभेदी नारे लगाए। जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय में सराबोर हो गया। इसके लोगो ने कारागार परिसर स्थित सेनानी बाघा के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।

तत्पश्चात जुलूस कुंवर सिंह चौराहा पहुंची। यहां वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद रैली टीडी कॉलेज चौराहा पहुंची, जहां रामदहीन ओझा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। रैली आगे बढ़ते हुए मुरली मनोहर की प्रतिमा स्थल पर पहुंची। यहां भी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर स्वतंत्रता आंदोलन के वीर सेनानियों एवं बलिदानियों को नमन किया गया। यह जुलूस परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी के नेतृत्व में सेनानी आश्रितों, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की मौजूदगी में निकाला गया।

बताया जाता है कि 19 अगस्त 1942 को भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान चित्तू पांडेय के नेतृत्व में बलिया की जनता ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ निर्णायक संघर्ष किया था। हजारों लोगों ने जिला कारागार पर धावा बोलकर सेनानियों को मुक्त कराया और अंग्रेजी शासन को चुनौती देते हुए बलिया में समानांतर सरकार की स्थापना की थी। गुदरी बाजार सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर ब्रिटिश पुलिस से संघर्ष में कई क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी।


बलिदान दिवस बलिया के उन वीर सपूतों के अदम्य साहस, संघर्ष और देश की आजादी के लिए दिए गए बलिदान की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 19 अगस्त को मनाया जाता है। इस अवसर पर वक्ताओं ने बलिया के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और यहां के वीर सपूतों के बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। रैली के दौरान देशभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था। इसमें जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों तथा बड़ी संख्या में जिले के नागरिकों ने भाग लिया। रैली के दौरान लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ अमर शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, जिला कारागार अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, क्षेत्राधिकारी लाइन सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *