
स्कूल जा रहे छात्र को दो ई -रिक्शा चालकों ने मारी टक्कर, मौत
गड़वार – बलिया मार्ग पर गोरथाना के सामने हुआ हादसा
बलिया। फेफना थाना क्षेत्र के मिड्ढा गांव स्थित गोरथाना के पोखरा गेट के सामने गड़वार – बलिया मार्ग पर मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे स्कूल जा रहे छात्र को दो ई-रिक्शा चालकों ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोग उसे लेकर जिला अस्पताल स्थित ट्रामा सेंटर गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस में अस्पताल प्रशासन ने रखवा दिया। उधर ग्रामीणों ने दोनों ई -रिक्शा और चालकों को पकड़ कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
फेफना थाना क्षेत्र के मिड्ढा गांव निवासी सुनील कुमार पांडेय और सोनू का 11 वर्षीय पुत्र अर्पित कुमार पांडेय प्रतिदिन की भांति साइकिल से दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ने जा रहा था। जैसे ही गड़वार – बलिया रोड पर स्थित गोरथाना पोखरा गेट के पास पहुंचा कि दो ई -रिक्शा चालकों ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों में मृत घोषित कर दिया। परिजनों का रो- रोकर बुराहाल है। मृतक बालक कक्षा छठवीं का छात्र था। मृतक के बाबा दीनानाथ पांडेय ससुराल ब्रह्माइन में निवास करते थे। उनके बड़े पुत्र सुनील कुमार पांडेय तीन माह पूर्व पैतृक गांव मिड्ढा आकर बच्चों को पढ़ाने के लिए निवास कर रहे थे। जिनके बड़े पुत्र के साथ सड़क हादसा हो गया।