
जिगनी खास उत्तर डेरा में सड़क की बदहाली से ग्रामीण परेशान, बोले- सड़क नहीं तो वोट नहीं
आठ साल से जर्जर मार्ग की नहीं हुई मरम्मत, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, चुनाव बहिष्कार की दी चेतावनी
गड़वार (बलिया)। विकासखंड गड़वार क्षेत्र के ग्राम पंचायत जिगनी खास के उत्तर डेरा में सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। पिछले आठ वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क और जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि चुनाव से पहले सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो वे मतदान का बहिष्कार करेंगे।
ग्रामीणों के अनुसार, करीब 700 की आबादी वाले उत्तर डेरा की मुख्य सड़क लंबे समय से खराब है। बारिश के दिनों में सड़क पूरी तरह कीचड़ और दलदल में बदल जाती है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो जाता है। स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। आए दिन बच्चे फिसलकर चोटिल हो जाते हैं, वहीं आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। नाराज ग्रामीणों ने कहा कि केवल आश्वासन से अब काम नहीं चलेगा। ग्रामीणों ने कहा, “जब गांव में मूलभूत सुविधा ही नहीं मिलेगी तो वोट देने का क्या मतलब है।” उन्होंने एकजुट होकर निर्णय लिया कि यदि जल्द ही पक्की सड़क का निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो आगामी चुनाव में मतदान का बहिष्कार किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान विदेशी यादव, भृगु नाथ यादव, अखिलेश यादव, विनोद यादव, रमाकांत यादव, हारीमंगल यादव, राजेंद्र यादव, चंद्रमा यादव, जयप्रकाश यादव और जगत यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।