
सैदनाथ बाबा मंदिर में मंगलसूत्र चोरी का खुलासा, बिहार की महिला गिरफ्तार
दो मंगलसूत्र व 650 रुपये बरामद, तीसरा मंगलसूत्र मेले में बेचने की बात महिला ने कबूली
बलिया। बांसडीह कोतवाली पुलिस ने सैदनाथ बाबा मंदिर में महिलाओं के मंगलसूत्र चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक महिला को घोघा चट्टी के पास गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के दो मंगलसूत्र और 650 रुपये नकद बरामद किए हैं।
बता दे कि चार अगस्त 2026 को एक महिला ने तहरीर देकर बताया था कि सैदनाथ बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद जब वह दुर्गा मंदिर पहुंची तो उसके गले से मंगलसूत्र गायब मिला। इसके बाद बांसडीह पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दिया। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना और संकलित साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 5 अगस्त की सुबह घोंघा चट्टी से करीब 100 मीटर पहले मुन्नी देवी पत्नी पिंटू चौधरी निवासी चौसा, जिला बक्सर (बिहार) को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से चोरी के दो मंगलसूत्र और 650 रुपये बरामद हुए।पूछताछ में अभियुक्ता ने स्वीकार किया कि तीन अगस्त को सैदनाथ बाबा मंदिर में तीन महिलाओं के गले से मंगलसूत्र चोरी किए थे। उसने बताया कि एक मंगलसूत्र मेले में ही एक अज्ञात महिला को 2,000 रुपये में बेच दिया था, जबकि बरामद दो मंगलसूत्र बेचने के लिए वह बलिया जा रही थी, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने अभियुक्ता के खिलाफ पहले से दर्ज मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया।