
पत्नी पर फायरिंग के प्रयास में पति गिरफ्तार, पिस्टल और कारतूस बरामद
बलिया। बांसडीह थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या के प्रयास के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई को पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह अपने मायके ग्राम छोटकी सेरिया में बच्चों के साथ रह रही है। उसका पति धर्मात्मानन्द सिंह (36) निवासी अगरसण्डा, थाना फेफना, पुराने मुकदमे में समझौते का दबाव बना रहा था। आरोप है कि गुरुवार शाम करीब 3:30 बजे वह मायके पहुंचा, गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायर कर दिया। हालांकि पीड़िता बाल-बाल बच गई।
घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। इसी दौरान उसके पिता भी मौके पर पहुंच गए और परिवार के लोगों ने मिलकर आरोपी को पकड़ लिया तथा उसके हाथ से पिस्टल छीन ली। मौके पर पहुंची पीआरवी पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पिस्टल और खोखा कारतूस सहित थाने लाई।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर बांसडीह थाने में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध पिस्टल तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।