बलिया की दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी 65 हजार रुपये तक की ई-ट्राईसाइकिल, ऑनलाइन आवेदन शुरू

Spread the love

बलिया की दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी 65 हजार रुपये तक की ई-ट्राईसाइकिल, ऑनलाइन आवेदन शुरू

बलिया। जनपद बलिया की 16 वर्ष या उससे अधिक आयु की दिव्यांग छात्राओं के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा ई-ट्राईसाइकिल योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत स्कूल, कॉलेज अथवा प्रशिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत दिव्यांग छात्राओं को अधिकतम 65 हजार रुपये की लागत तक ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उन्हें कक्षाओं, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, हॉस्टल एवं अन्य स्थानों पर सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
योजना का लाभ उन छात्राओं को मिलेगा जो मस्क्यूलर डिस्ट्रॉफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पाल्सी, हीमोफीलिया जैसी दिव्यांगताओं से प्रभावित हैं तथा शारीरिक रूप से ई- ट्राईसाइकिल चलाने में सक्षम हैं। इसके लिए दृष्टि और मानसिक स्थिति सामान्य होना तथा कमर के ऊपर का हिस्सा स्वस्थ होना आवश्यक है। साथ ही दिव्यांगता का प्रमाण मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा जारी प्रमाणपत्र या यूडीआईडी कार्ड के माध्यम से होना चाहिए। इस योजना के तहत केवल उन्हीं छात्राओं को लाभ मिलेगा जिनके परिवार आयकरदाता नहीं हैं। गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा पिछले पांच वर्षों में किसी भी स्रोत से ई-ट्राईसाइकिल प्राप्त करने वाली छात्राएं इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी।
लाभार्थियों का चयन प्राप्त आवेदनों के आधार पर दिव्यांगता के प्रतिशत के घटते क्रम में किया जाएगा। पहले गरीबी रेखा के नीचे के पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा। यदि लक्ष्य शेष रहता है तो दिव्यांगता के घटते क्रम और आय के बढ़ते क्रम के अनुसार चयन किया जाएगा।
आवेदन के साथ संबंधित शिक्षण या प्रशिक्षण संस्थान से अध्ययनरत होने का प्रमाणपत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। इच्छुक छात्राएं अधिक जानकारी या आवेदन संबंधी सहायता के लिए जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, विकास भवन, बलिया कार्यालय से संपर्क कर सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *