JNCU में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ, 351 पौधे रोपे गए

Spread the love

JNCU में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ, 351 पौधे रोपे गए
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में सोमवार को “वृक्षारोपण महायज्ञ-2026” का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की अपील की। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान का प्रेरणादायी प्रयास है।
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने पौधरोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक नागरिक यदि एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो हरित एवं स्वच्छ भारत का सपना साकार हो सकता है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में बोतल ब्रश, कचनार, मयूरपंखी, फाइकस सहित अन्य प्रजातियों के 351 से अधिक पौधे रोपे गए। वृक्षारोपण अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर के साथ-साथ 133 संबद्ध महाविद्यालयों में कुल 19,400 पौधों का रोपण किया गया है।
अभियान में 90 यूपी एवं 93 यूपी बटालियन के एनसीसी कैडेटों के अलावा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. लाल विजय सिंह एवं डॉ. संजीव कुमार के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में कुलसचिव एस.एल. पाल, निदेशक शैक्षणिक डॉ. पुष्पा मिश्रा, चीफ प्राक्टर डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. प्रवीण नाथ यादव, डॉ. नीरज कुमार सिंह, डॉ. छवि लाल सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी ने पौधों के संरक्षण और हरित परिसर निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *