
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर JNCU की छात्राएं सम्मानित
बाल विवाह के खिलाफ लोगों को किया था जागरूक
बलिया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया के समाज कार्य विभाग की पांच छात्राओं को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने प्रशस्ति पत्र देकर छात्राओं का सम्मान किया।
सम्मानित होने वाली छात्राओं में अंजली सिंह, निधि कुमारी, पलक शर्मा, शालू मिश्रा और सिम्पी सिंह शामिल रही। इन छात्राओं को महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ को समुदाय स्तर पर प्रभावी ढंग से संचालित करने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए सम्मानित किया गया।


वर्ष 2025-26 के दौरान इन छात्राओं ने विभिन्न योजनाओं और अभियानों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई। खास तौर पर बाल विवाह के खिलाफ लोगों को जागरूक करने और इसके दुष्परिणामों के प्रति सचेत करने में इनका योगदान सराहनीय रहा। समाज कार्य विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. पुष्पा मिश्रा ने कहा कि समाज कार्य के विद्यार्थियों का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान प्राप्त करना ही नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना भी है। उन्होंने छात्राओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका समर्पण अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। वहीं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी समाज की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ युवाओं की भागीदारी से समाज में जागरूकता और सकारात्मक बदलाव संभव है।