14 मार्च को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत

Spread the love

14 मार्च को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत

बलिया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया अनिल कुमार झा के आदेश पर आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से बुधवार को एडीआर भवन, दीवानी न्यायालय बलिया में जनपद के समस्त उप जिलाधिकारियों व तहसील विधिक सेवा समिति के सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। जिसमें राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक लंबित मामलों के निस्तारण को लेकर विचार-विमर्श किया गया। सचिव संजय कुमार गोंड ने उपस्थित उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने- अपने क्षेत्राधिकार से संबंधित राजस्व वादों का सुलह-समझौते के आधार पर अधिक से अधिक संख्या में निस्तारण कर राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार स्थानीय स्तर पर किया जाए तथा आम जनता को इसके प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही लोगों को अपने मामलों का निस्तारण विधिक प्रावधानों के तहत सुलह- समझौते व लोक अदालत के माध्यम से कराने के लिए प्रेरित किया जाए। बैठक में उपजिलाधिकारियों ने अवगत कराया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में लगभग 15 हजार वादों को निस्तारण के लिए चिन्हित किया गया है। इस मौके पर उप जिलाधिकारी सिकन्दरपुर सुनील कुमार, डिप्टी कलेक्टर/तहसीलदार बैरिया धर्मेन्द्र कुमार तथा नायब तहसीलदार बांसडीह रजनीश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *