बलिया में ईंट से कूंचकर किशोर की हत्या, परिजनों ने लगाई इंसाफ की गुहार

Spread the love

बलिया में ईंट से कूंचकर किशोर की हत्या, परिजनों ने लगाई इंसाफ की गुहार

बारात जाने की बात कहकर निकला था किशोर, मंगलवार को बगीचे में मिला क्षत- विक्षत शव

बलिया। हल्दी थाना क्षेत्र के बबुआपुर गांव में 15 वर्षीय किशोर की ईंट से कूंचकर निर्मम हत्या किए जाने की घटना प्रकाश में आई है। मंगलवार की सुबह गांव के एक बगीचे में किशोर का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और उन्होंने आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग की है।


जानकारी के अनुसार बबुआपुर निवासी नंदजी यादव का 15 वर्षीय पुत्र रितेश यादव सोमवार की शाम घर से यह कहकर निकला था कि वह बारात जा रहा है। देर रात बारात लौट आई, लेकिन रितेश घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई और उसकी तलाश शुरू कर दी गई। लेकिन उसका पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह घर से करीब 250 मीटर दूर स्थित एक छोटे से बगीचे में रितेश का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि किशोर के सिर को ईंट से कूंचकर हत्या की गई है। परिजनों ने गांव के ही दो परिवारों पर पुरानी रंजिश के आधार पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि मनोज यादव पुत्र शिवधारी यादव निवासी बबुआपुर वादी व आरोपी मनोज दोनों पट्टीदार है, दोनों पक्षों के मध्य पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर आपसी रंजिश चल रही थी। मृतक रितेश तीन भाई है। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपा शंकर ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारण स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *