
बलिया में बेटी की डोली के बजाय पिता की उठी अर्थी, खुशियां मातम में बदली
नौ मार्च को बेटी की आनी थी बारात, शनिवार को था हल्दी रस्म
बलिया। बेल्थरारोड नगर पंचायत के वार्ड नंबर तीन में शनिवार की शाम बेटी की शादी से पूर्व पिता की अर्थी उठ गई। इस हृदय विदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में डूब गया।


मिली जानकारी के अनुसार बेल्थरारोड नगर पंचायत के वार्ड नंबर तीन निवासी राजेंद्र जायसवाल घर के बाथरूम में अचानक गिर पड़े। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि घर में इन दिनों खुशियों का माहौल था। उनकी बेटी की शादी आगामी नौ मार्च को तय थी और शादी की तैयारियां पूरे जोरों पर चल रही थीं। शनिवार को घर में हल्दी की रस्म की तैयारी थी। मंडप सज चुका था और परिवार के लोग शादी की खुशियों में डूबे हुए थे। पिता राजेंद्र जायसवाल भी अपनी बेटी की शादी को लेकर बेहद उत्साहित थे और उन्होंने पूरे उत्साह के साथ तैयारियां कर रखी थी। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जिस घर से 9 मार्च को बेटी की डोली उठनी थी, उसी घर से शनिवार को पिता की अर्थी उठ गई।
खुशियों से सजा घर अचानक मातम में बदल गया। इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार और आसपास के लोगों को झकझोर कर रख दिया।