रसड़ा पुलिस ने अज्ञात शव हत्याकांड का किया खुलासा, महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

रसड़ा पुलिस ने अज्ञात शव हत्याकांड का किया खुलासा, महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

बलिया। स्वाट/सर्विलांस टीम व रसड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने बरामद अज्ञात शव का रविवार को अनावरण करते हुए महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान करते हुए न्यायालय भेज दिया। शव की पहचान पंकज गुप्ता पुत्र जगन्नाथ गुप्ता निवासी लाहीडीह थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई थी। जिसकी अवैध संबंध को लेकर आरोपियों ने हत्या कर शव को ठिकाने लगा दिया था। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम व पता मनीष सिंह निवासी चिलकहर, थाना गड़वार, बलिया, विजय पाल सिंह निवासी सिकहुला, थाना सरायमीर, आजमगढ़ तथा अंजनी सिंह निवासिनी सिकहुला, थाना सरायमीर, आजमगढ़ बताया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन, दो खाली तेजाब की बोतलें तथा घटना में प्रयुक्त यूनिकॉर्न होंडा मोटरसाइकिल बरामद की गई।


ऐसे हुआ हत्याकांड का खुलासा
गौरतलब है कि 10 फरवरी 2026 को थाना रसड़ा क्षेत्र के चिलकहर-नत्थोपुर लोहटा मार्ग के पास कुश ग्राम लोहटा में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। शव की पहचान व घटना के खुलासे के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी। पूछताछ में सामने आया कि मृतक का विजय पाल सिंह की बहन रेखा सिंह से अवैध संबंध थे। मृतक के पास कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो होने के कारण वह रेखा पर दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर रेखा ने अपने पहले प्रेमी पति अरुण कुमार सोनी, भाई विजय पाल सिंह, भाभी अंजनी सिंह तथा मनीष सिंह को जानकारी दी। पांच फरवरी 2026 को चिलकहर में शादी समारोह के दौरान पांचों ने मिलकर पंकज गुप्ता की हत्या की साजिश रची और सात फरवरी को मृतक को बहाने से बुलाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद उसके बैग व कपड़ों को जला दिया तथा मोबाइल फोन को दूर फेंक दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद किया। विवेचना में अरुण कुमार सोनी निवासी नियाउज, थाना फूलपुर, आजमगढ़ तथा रेखा सिंह निवासिनी नियाउज, थाना फूलपुर, आजमगढ़ का नाम भी प्रकाश में आया है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

आपराधिक इतिहास
आरोपी विजय पाल सिंह के विरुद्ध पूर्व में आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट व आबकारी अधिनियम के तहत तीन मुकदमे थाना सरायमीर, आजमगढ़ में दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *