
दहेज हत्या के मामले में पति समेत सास-ससुर गिरफ्तार
नवानगर में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी विवाहिता की मौत
पुलिस ने करमौता पावर हाउस तिराहे से तीनों को दबोचा
बलिया। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के नवानगर गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने दहेज हत्या के आरोप में पति समेत सास और ससुर को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को सोमवार को करमौता पावर हाउस तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय भेज दिया।



पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को नवानगर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर सिकंदरपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के साथ ही नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में सोमवार को उपनिरीक्षक रमेश चंद यादव पुलिस टीम के साथ आरोपियों की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने करमौता पावर हाउस तिराहे पर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मृतका का पति अवनीन्द्र गुप्ता (33), सास किरन देवी (60) और ससुर इंदु प्रकाश गुप्ता (63) शामिल हैं। तीनों नवानगर गांव के निवासी हैं।