गैर-इरादतन हत्या के वांछित अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार, आला कत्ल डंडा बरामद

Spread the love

गैर-इरादतन हत्या के वांछित अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार, आला कत्ल डंडा बरामद

बलिया। सुखपुरा पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त को मुखबिर की सूचना पर सोमवार को बसन्तपुर से यूनिवर्सिटी जाने वाले मार्ग पर नहर के पास से गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में न्यायालय भेज दिया।अभियुक्त के कब्जे और निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आला कत्ल (डण्डा) भी बरामद किया। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम व पता मिथुन साहनी पुत्र चांदगोविन्द साहनी निवासी बसन्तपुर थाना सुखपुरा जनपद बलिया बताया।

क्या है पूरा मामला

थाना सुखपुरा पर वादी द्वारा तहरीर दी गई थी कि उसने अपनी पुत्री की शादी मिथुन साहनी निवासी ग्राम बसन्तपुर थाना सुखपुरा के साथ की थी। आरोप है कि 26 फरवरी 2026 की रात्रि में किसी बात को लेकर मिथुन साहनी ने अपनी पत्नी से विवाद किया और गुस्से में डण्डे से प्रहार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। वादी के अनुसार, जब रात में कई बार फोन करने पर भी दामाद ने फोन नहीं उठाया तो वह उसके घर पहुंचा, जहां घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना सुखपुरा पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया था। तत्परता से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *