
साइबर ठगी के 62.74 लाख रुपये पीड़ित के खाते में कराए वापस
साइबर से बलिया व रेवती को मिली बड़ी सफलता
बलिया। जनपद में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को जनपदीय साइबर सेल एवं थाना रेवती पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अज्ञात साइबर ठगों द्वारा धोखाधड़ी कर निकाली गई 62,74,524 रुपये की धनराशि को होल्ड कराते हुए न्यायालय के आदेश पर पीड़ित के खाते में वापस कराया।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता आशुतोष शंकर सिंह पुत्र अखिलेश कुमार सिंह निवासी गायघाट, थाना रेवती, जनपद बलिया द्वारा 14 दिसंबर 2025 को साइबर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनके बैंक खाते से कुल 68,00,000 रुपये फर्जी तरीके से धोखाधड़ी कर स्थानांतरित कर लिए गए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए ओमवीर सिंह, पुलिस अधीक्षक बलिया, कृपा शंकर, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी/नोडल साइबर सेल एवं फहीम कुरैशी क्षेत्राधिकारी बैरिया के निर्देशन में जनपदीय साइबर सेल व थाना रेवती पुलिस ने त्वरित विधिक कार्यवाही की। समन्वित प्रयासों के परिणाम स्वरूप न्यायालय के आदेशानुसार शनिवार को 62,74,524 रुपये की धनराशि शिकायतकर्ता के खाते में वापस करा दी गई। धनराशि वापस मिलने पर शिकायतकर्ता ने जनपदीय साइबर सेल एवं थाना रेवती पुलिस की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस प्रशासन ने आमजन से सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की सूचना तुरंत देने की अपील की है।


साइबर फ्रॉड से ऐसे करे बचाव
साइबर फ्रॉड होते ही तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं।
किसी अंजान व्यक्ति के कहने पर कोई भी ऐप डाउनलोड न करें।
वर्क फ्रॉम होम या शेयर ट्रेडिंग से जुड़े ऑफर स्वीकार करने से पहले पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
किसी अनजान व्यक्ति द्वारा पैसों की मांग किए जाने पर पूरी जांच-पड़ताल करें, बहकावे में न आएं।
अज्ञात नंबर या व्यक्ति द्वारा भेजी गई किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।