DIG ने रसड़ा व बलिया कोतवाली का किया वार्षिक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण पर दिए सख्त निर्देश

Spread the love

DIG ने रसड़ा व बलिया कोतवाली का किया वार्षिक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण पर दिए सख्त निर्देश

अवैध शराब निष्कर्षण, भंडारण व बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने को थाना प्रभारी को दिए गए सख्त निर्देश

डिजिटल वॉलिंटियर्स व चौकीदारों के माध्यम से लाभप्रद सूचनाओं को संग्रह करने का दिया निर्देश

थाना क्षेत्रों में पैदल गस्त करते हुए चौराहों, बाजारों तथा बॉर्डर पर नाकाबंदी करके सघन चेकिंग करने के दिये आदेश

लम्बित विवेचनाओं, प्रार्थना पत्रों की समयबद्ध जांच व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

बलिया। पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र, आजमगढ़ सुनील कुमार सिंह ने बुधवार को जनपद बलिया के थाना कोतवाली व थाना रसड़ा सहित पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण किया। पुलिस लाइन पहुंचने पर सलामी गार्द द्वारा उन्हें सलामी दी गई, जिसका उन्होंने अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की मौजूदगी में परेड ग्राउंड पर रिक्रूट आरक्षियों की परेड का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद आरडी त्रिपाठी हाल में राजपत्रित अधिकारियों व थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की।


बैठक में अवैध शराब निष्कर्षण, भंडारण व बिक्री पर तत्काल रोक लगाने, अवैध मादक पदार्थों व हथियारों की तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई, ओवरलोड वाहनों पर अंकुश तथा जनपद की सीमाओं पर नाकाबंदी कर सघन चेकिंग करने के निर्देश दिया। उन्होंने शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले अराजक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने के लिए भी कहा।
डीआईजी ने लंबित विवेचनाओं व प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने, आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच करने तथा महिला अपराधों में प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।कहा कि सनसनीखेज अपराधों—हत्या, लूट, डकैती, गैंगरेप, गौ-तस्करी, वाहन चोरी व मादक पदार्थ तस्करी—में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई और अपराधियों की अवैध संपत्ति जब्ती पर भी जोर दिया गया। वही “ऑपरेशन दृष्टि” के तहत अधिक से अधिक सीसीटीवी कवरेज बढ़ाने, मुख्य बाजारों व हाईवे पर रात्रि गश्त तेज करने तथा डिजिटल वॉलंटियर्स व चौकीदारों के माध्यम से सूचनाएं एकत्र करने को कहा।

सोशल मीडिया पर राष्ट्रविरोधी व भ्रामक संदेश प्रसारित करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालयों के अपराध रजिस्टर, ऑर्डर बुक, भूमि विवाद रजिस्टर, जनसुनवाई रजिस्टर, सीसीटीएनएस शाखा, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, मालखाना, बंदीगृह, बैरक व मेस आदि का अवलोकन कर अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपा शंकर, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल सहित समस्त क्षेत्राधिकारी व अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *