
मनियर में तेज आवाज में डीजे बजाना पड़ा महंगा, दो गिरफ्तार
बलिया। थाना मनियर पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर निर्धारित मानक से अधिक ध्वनि प्रदूषण फैलाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से डीजे व साउंड उपकरण बरामद कर चालान कर दिया


जानकारी के अनुसार 26 फरवरी 2026 को उप निरीक्षक संजय कुमार यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था व परीक्षा ड्यूटी के मद्देनजर भ्रमण पर थे। इसी दौरान मनियर इंटर कॉलेज के पास आरके डीजे उर्फ राजू खान द्वारा बड़े-बड़े साउंड बॉक्स लगाकर तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। तेज ध्वनि के कारण आमजन, परीक्षा दे रहे छात्रों, वृद्धजनों व हृदय रोग से ग्रसित लोगों को परेशानी हो रही थी तथा ध्वनि प्रदूषण फैल रहा था। पुलिस द्वारा डीजे संचालक से अनुमति पत्र मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। साथ ही उच्च न्यायालय द्वारा जारी ध्वनि नियंत्रण संबंधी गाइडलाइन का उल्लंघन भी पाया गया।


इस आधार पर थाना मनियर में धारा 292 बीएनएस, धारा 15 पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 तथा धारा 4/6 ध्वनि प्रदूषण (नियमन व नियंत्रण) नियम 2000 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस ने अभियुक्त अरबाज खान पुत्र स्व. अनवर खान निवासी चन्दूपाकड़ थाना मनियर तथा किशन राजभर पुत्र परमात्मा राजभर निवासी वार्ड नंबर 4, निवासी सरवार ककरघट्टी थाना मनियर को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यह किया गया बरामद
बरामदगी में पिकअप वाहन (UP60AT 0299), 5 डीजे साउंड, 4 हाईस, 4 पार लाइट, 2 लुंगी लाइट, 1 क्रॉसओवर, 1 डिवाइडर, 1 एम्पलीफायर, 1 हजारा, 1 मासपेड, 1 डीजे मिक्सर, 1 स्टेबलाइजर व 1 जनरेटर शामिल हैं।