कम दाम में सीमेंट सप्लाई का झांसा देकर ठेकेदार से 7.65 लाख की साइबर ठगी

Spread the love

कम दाम में सीमेंट सप्लाई का झांसा देकर ठेकेदार से 7.65 लाख की साइबर ठगी


बलिया। सहतवार थाना क्षेत्र में एक ठेकेदार से कम दाम में सीमेंट सप्लाई का लालच देकर साइबर ठग ने 7 लाख 65 हजार रुपये की ठगी कर ली। जालसाज ने खुद को अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी का एरिया सेल्स मैनेजर बताकर दो बार में रकम अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया। पीड़ित की तहरीर पर सहतवार पुलिस ने प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सहतवार थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव निवासी अखिलेश कुमार तिवारी ठेकेदार हैं और “सुधा एसोसिएट्स” नाम से फर्म संचालित करते हैं। वर्तमान में उनका गड़वार-पियरिया मार्ग पर पुल निर्माण का कार्य चल रहा है।
पीड़ित के अनुसार, अभिषेक कुमार मिश्रा नाम का एक व्यक्ति उनसे मिला और खुद को अल्ट्राटेक सीमेंट का एरिया सेल्स मैनेजर बताया। उसने बाजार से कम दरों पर सीमेंट उपलब्ध कराने का प्रलोभन दिया। जालसाज के झांसे में आकर ठेकेदार ने तीन हजार बोरी सीमेंट मंगाने पर सहमति दे दी। आरोपी ने यूको बैंक का “जयप्रकाश इंटरप्राइजेज” नाम का खाता नंबर दिया। अखिलेश तिवारी ने अपने एसबीआई खाते से 3 फरवरी को 5 लाख 25 हजार रुपये तथा 4 फरवरी को 2 लाख 40 हजार रुपये, कुल 7 लाख 65 हजार रुपये आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए।
रकम खाते में पहुंचते ही आरोपी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही ट्रक नंबर और ई-वे बिल भेज देगा, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल नंबर स्विच ऑफ हो गया। काफी प्रयास के बाद भी संपर्क नहीं होने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। इस बाबत थानाध्यक्ष सहतवार अनिल सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच साइबर सेल को सौंप दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *