
प्रवेश पत्र में जेंडर की गलती से छात्र परेशान, दो घंटे बाद मिली परीक्षा देने की अनुमति
बलिया। हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के प्रथम दिन ही एक छात्र को प्रवेश पत्र में लिंग (जेंडर) की गलती के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। छात्र को दो घंटे तक अलग-अलग परीक्षा केंद्रों के चक्कर काटने पड़े। बाद में डीआईओएस के हस्तक्षेप से उसे परीक्षा देने की अनुमति तो मिल गई, लेकिन वह मात्र एक घंटा ही परीक्षा दे सका।
जानकारी के अनुसार, हाईस्कूल परीक्षार्थी प्रीतम शर्मा पुत्र रमेश शर्मा (अनुक्रमांक 1261953502) पीएमएचएस स्कूल परसिया का छात्र है। उसके प्रवेश पत्र में परीक्षा केंद्र राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बांसडीह निर्धारित था, जबकि यह केवल बालिकाओं का केंद्र है। बताया गया कि प्रवेश पत्र में प्रीतम का जेंडर ‘मेल’ की जगह गलती से ‘फीमेल’ अंकित हो गया था। इसी त्रुटि के कारण उसे बालिका परीक्षा केंद्र पर भेज दिया गया। जबकि विद्यालय स्तर पर बालकों का परीक्षा केंद्र प्रभावती देवी विद्या पीठ सहतवार निर्धारित था।
सुबह प्रीतम जब राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बांसडीह परीक्षा देने पहुंचा तो वहां से उसे सहतवार परीक्षा केंद्र भेज दिया गया। परीक्षा शुरू होने के बाद करीब दो घंटे तक वह असमंजस में बांसडीह और सहतवार के बीच बाइक से दौड़ता रहा। मामले की जानकारी मिलने पर डीआईओएस देवेंद्र गुप्ता ने तत्काल छात्र को सहतवार परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने का निर्देश दिया। छात्र ने बताया कि वह केवल एक घंटा ही परीक्षा दे सका।