
सड़क हादसे में घायल वृद्ध की मौत
बलिया। मनियर थाना क्षेत्र के पिलुई निवासी व सड़क दुर्घटना में घायल विक्रमा वर्मा (80) की इलाज के दौरान सोमवार की भोर में मौत हो गई। घटना शनिवार रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है।

परिजनों के अनुसार, विक्रमा वर्मा डेरा से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय एक बाइक सवार ने उन्हें धक्का मार दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया। बलिया पहुंचने पर हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बीएचयू के लिए रेफर किया गया। परिजन उन्हें मऊ लेकर गए, जहां से बेहतर इलाज न मिलने पर आजमगढ़ ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। सोमवार सुबह आजमगढ़ से वाराणसी ले जाते समय रास्ते में भोर करीब चार से पांच बजे के बीच उनकी मौत हो गई। शव जिला अस्पताल बलिया लाया गया, जहां सोमवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने मौके से बाइक को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि घटना में बाइक सवार भी घायल हुआ था, जिसका इलाज चल रहा है। मनियर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी कौशल कुमार पाठक ने घटना की पुष्टि की है।