
ददरी मेला की विज्ञापन सूचना न देने पर नपा बलिया के ईओ पर लगा 25 हजार का जुर्माना
बलिया। ददरी मेला-2023 से जुड़ी विज्ञापन संबंधी सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराने पर राज्य सूचना आयोग ने नगर पालिका परिषद बलिया के अधिशासी अधिकारी पर 25 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है। आयोग ने इसे सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों की अवहेलना मानते हुए जुर्माना अधिरोपित किया है।




मामला ददरी मेला-2023 के दौरान जारी निविदाओं और विज्ञापन संबंधी सूचनाओं से जुड़ा है। अपीलकर्ता उपेंद्र नाथ तिवारी ने नगर पालिका से निविदा प्रकाशन, समाचार पत्रों में विज्ञापन, भुगतान और संबंधित अभिलेखों के बारे में जानकारी मांगी थी। आरोप है कि निर्धारित समय में वांछित सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं। इसके बाद मामला राज्य सूचना आयोग पहुंचा। आयोग ने सुनवाई के दौरान पाया कि कई बार अवसर दिए जाने के बावजूद जनसूचना अधिकारी की ओर से न तो अपीलकर्ता को वांछित सूचनाएं उपलब्ध कराई गईं और न ही आयोग के समक्ष संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया गया। इस पर सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 की धारा 20(1) एवं 20(2) के तहत कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। आयोग ने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिया है कि अपीलकर्ता को आवेदन के क्रम में वांछित सूचनाएं और संबंधित अभिलेख 15 दिनों के भीतर उपलब्ध कराएं। मामले की अगली सुनवाई के लिए 17 दिसंबर 2026 की तिथि निर्धारित की गई है। इस बाबत सिटी मजिस्ट्रेट व प्रभारी ईओ आशाराम वर्मा ने बताया कि सूचना राज्य आयोग का पत्र प्राप्त हुआ है। शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए निर्धारित अवधि के अंदर सूचना प्रेषित कर दी जाएगी।