टमाटर और हरी मटर की फसल का किसान करा सकेंगे बीमा

Spread the love

टमाटर और हरी मटर की फसल का किसान करा सकेंगे बीमा

फसल नुकसान पर मिलेगा मुआवजा, गैर ऋणी किसानों को देना होगा 2.5 प्रतिशत प्रीमियम

बलिया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जिले के किसान अब टमाटर और हरी मटर की फसल का बीमा करा सकेंगे। जिला प्रशासन ने किसानों से संबंधित बैंक शाखा, जनसेवा केंद्र या भारत सरकार के पीएमएफबीवाई पोर्टल के माध्यम से फसल बीमा कराने की अपील की है।

योजना के तहत गैर ऋणी किसानों को बीमित राशि का 2.5 प्रतिशत प्रीमियम देना होगा। टमाटर की फसल के लिए 50 हजार रुपये की बीमित राशि पर 1,250 रुपये और हरी मटर के लिए 70 हजार रुपये की बीमित राशि पर 1,750 रुपये प्रीमियम निर्धारित किया गया है। इस योजना का लाभ अधिसूचित क्षेत्र में टमाटर और हरी मटर की खेती करने वाले ऋणी, गैर ऋणी, बटाईदार और ठेकेदार किसान भी उठा सकते हैं। ऋणी किसानों की फसल का बीमा बैंक की ओर से अनिवार्य रूप से किया जाएगा। हालांकि, जो ऋणी किसान बीमा नहीं कराना चाहते हैं, उन्हें अंतिम तिथि से सात दिन पहले संबंधित बैंक शाखा में प्रार्थना पत्र देना होगा। योजना में बेमौसम बारिश, अधिक वर्षा, तापमान में कमी या वृद्धि, आर्द्रता और तेज हवा से फसल को होने वाले नुकसान को शामिल किया गया है। बुवाई से कटाई तक मौसम संबंधी आंकड़ों के आधार पर क्षतिपूर्ति का आकलन किया जाएगा।


किसान योजना की विस्तृत जानकारी के लिए पीएमएफबीवाई पोर्टल www.pmfby.gov.in अथवा कृषि एवं उद्यान विभाग के नजदीकी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा बीमा संबंधी जानकारी टोल फ्री नंबर 14447 पर भी प्राप्त की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *