
अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव, बुलडोजर को दौड़ाया
हाथोज गांव में बवाल, डेढ़ घंटे तक चला हंगामा, पीएसी ने दागे आंसू गैस के गोले

बलिया। खेजूरी थाना क्षेत्र के हाथोज गांव में मंगलवार को अवैध अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। भीड़ के उग्र होने पर बुलडोजर चालक मशीन लेकर मौके से भाग निकला। हालात बेकाबू होने पर पुलिस को एक कंपनी पीएसी बुलानी पड़ी और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए। करीब डेढ़ घंटे तक गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

जानकारी के अनुसार, सरकारी भूमि पर अतिक्रमण को लेकर फरवरी 2024 में हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी। दिसंबर 2024 में सुनवाई के बाद न्यायालय ने अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया था। आदेश के अनुपालन में मंगलवार दोपहर सिकंदरपुर तहसील की टीम—तहसीलदार देवेंद्र नाथ पांडेय, नायब तहसीलदार सीपी यादव, कानूनगो राजेश सिंह व लेखपाल अमित राय पांच थानों की पुलिस फोर्स के साथ कार्रवाई के लिए पहुंची थी।


प्रशासन के मुताबिक, अतिक्रमण की जद में गांव के राम गोविंद और राम बचन के मकान आ रहे थे, जिन्हें पूर्व में 15 दिन का नोटिस दिया गया था। जैसे ही बुलडोजर से ध्वस्तीकरण शुरू हुआ, करीब 50 से अधिक ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। विरोध बढ़ने पर भीड़ ने बुलडोजर पर हमला कर दिया, जिससे उसका शीशा टूट गया और चालक को मशीन हटानी पड़ी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने पहले मोर्चा संभाला, लेकिन पथराव जारी रहने पर एक कंपनी पीएसी बुलाकर आंसू गैस का प्रयोग किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया गया और प्रशासन ने दोनों अवैध मकानों को ध्वस्त कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की। उधर, ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घरों में घुसकर सामान तोड़ा और महिलाओं सहित ग्रामीणों के साथ मारपीट की। पुलिस व प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक और सीमित बल प्रयोग किया गया। फिलहाल मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।