रसड़ा में आपसी विवाद के बाद युवक की मौत, आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज
बलिया। थाना रसड़ा क्षेत्र के बनियाबांध गांव में आपसी कहासुनी के बाद हुए विवाद में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किनू राजभर उर्फ टिनू पुत्र संतकुमार निवासी बनियाबांध थाना रसड़ा ने सोमवार को थाना रसड़ा पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया कि दिनांक 1 फरवरी 2026 को उसका भाई राजेश राजभर (38 वर्ष) पुत्र संतकुमार तथा दीपक राजभर ( 30 वर्ष) पुत्र अशोक राजभर निवासी बनियाबांध, शराब के नशे में किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी कर रहे थे। इसी दौरान दीपक राजभर ने राजेश को धक्का दे दिया, जिससे वह गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट आ गई। इलाज के बाद राजेश घर पर ही रह रहा था। घटना के समय कोई विधिक कार्यवाही नहीं कराई गई थी। सोमवार सुबह करीब सात बजे राजेश राजभर की घर पर ही मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि सिर में लगी चोट के कारण ही उसकी मृत्यु हुई है। तहरीर के आधार पर थाना रसड़ा में धारा 105 बीएनएस के तहत दीपक राजभर के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय बलिया भेज दिया है। नामजद आरोपी की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। मृतक व आरोपी आपस में सगे पट्टीदार बताए जा रहे हैं तथा दोनों को शराब पीने का आदी बताया गया है। मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।