
एसडीएम के सामने युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास, हड़कंप
बलिया। बांसडीह तहसील परिसर में सोमवार को महाराजपुर गांव निवासी कटान पीड़ित वीरेंद्र यादव ने एसडीएम पुष्कर मिश्रा के सामने शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह करने का प्रयास किया। घटना के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। मौके पर तैनात पुलिस ने वीरेंद्र को हिरासत में ले लिया।



महाराजपुर गांव में सरयू नदी कटान और बाढ़ विभाग की कथित लापरवाही के चलते ग्रामीणों के घर और जमीन लगातार नदी में समाते जा रहे हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर वीरेंद्र यादव प्रशासन से लगातार आवेदन देकर गुहार लगा रहे थे। समस्या का समाधान नहीं होने से क्षुब्ध होकर वह पूर्व में ही तहसील प्रशासन के समक्ष आत्मदाह करने की चेतावनी दिया था। इसके बावजूद युवक को प्रशासन की ओर से उसकी समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं किया गया और न ही उसे समझाकर इस कदम को उठाने से रोकने के लिए प्रभावी पहल की गई।



जानकारी के अनुसार अचानक वीरेंद्र यादव बांसडीह तहसील पहुंचा और एसडीएम के सामने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। वीरेंद्र यादव बाढ़ विभाग मुर्दाबाद तथा सांसद, विधायक मुर्दाबाद का नारा लगा रहा था। पीड़ित वीरेंद्र यादव ने बताया कि सरयू नदी कटान से प्रभावित महाराजपुर गांव को बचाने के लिए गांव से तहसील तक पदयात्रा किया था। तहसील में एसडीएम के सामने बाढ़ विभाग के एक्सईएन ने गांव को बचाने का आश्वासन दिया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं किया गया जिससे गांव में लगातार कटान जारी है। उसने बताया कि मैं आत्मदाह करने की लिखित चेतावनी प्रशासन व पुलिस को पहले ही दिया था। प्रभारी निरीक्षक राज शेखर सिंह ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जायेगी।