
एसआईआर में लापरवाही पर 39 बीएलओ को नोटिस, दो एईआरओ से भी जवाब- तलब
आवेदनों की ऑनलाइन फीडिंग नहीं करने पर हुई कार्रवाई की संस्तुति
बलिया। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विशेष अभियान दिवस के दौरान बूथों पर प्राप्त आवेदनों की ऑनलाइन फीडिंग नहीं कराने पर 39 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं, पर्यवेक्षण में लापरवाही मिलने पर दो सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) से भी जवाब मांगा गया है।



एसडीएम पुष्कर मिश्रा ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 21 और 22 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए गए थे। इस दौरान सभी बीएलओ को अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहकर नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मतदाता सूची में संशोधन सहित अन्य कार्यों के लिए प्राप्त आवेदनों की ऑनलाइन फीडिंग करनी थी। इसके बावजूद 39 बीएलओ के बूथों पर नाम जोड़ने के लिए मिले एक भी आवेदन का डिजिटलीकरण नहीं किया गया। रविवार शाम तक ऑनलाइन फीडिंग नहीं होने पर प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित बीएलओ को नोटिस जारी कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की संस्तुति भी की गई है।



प्रशासन ने केवल बीएलओ ही नहीं, बल्कि उनके कार्यों की निगरानी करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की है। इसी क्रम में पर्यवेक्षण में शिथिलता बरतने पर दो एईआरओ को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण निर्वाचन आयोग का महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बांसडीह विधानसभा क्षेत्र में अब तक नए नाम जोड़ने के लिए करीब 1800 फार्म प्राप्त हुए हैं। प्रशासन इनकी ऑनलाइन फीडिंग और आगे की प्रक्रिया की निगरानी कर रहा है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।