खेत से लौटते बालक की NH – 31 हाईवे पर दर्दनाक मौत

Spread the love

खेत से लौटते बालक की NH – 31 हाईवे पर दर्दनाक मौत

ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर जताया विरोध, पिकअप व चालक गिरफ्तार


बलिया। खेत से घर लौट रहे 12 वर्षीय बालक की राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार को मठ योगेंद्र गिरी नई बस्ती के पास हुआ, जिससे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।


मृतक अंशु राम (12) पुत्र विजय शंकर राम, जैसे ही सड़क पार करने के लिए हाईवे पर चढ़ा, मांझी की ओर से आ रही पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंशु गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की सहायता से पिकअप चालक सोनू तिवारी निवासी संडीला, जनपद छपरा, बिहार घायल बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं NH-31 पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर विरोध जताया। पुलिस के समझाने-बुझाने पर स्थिति सामान्य हुई। प्रभारी निरीक्षक बैरिया विपिन सिंह ने बताया कि चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *