
ट्रक की चपेट में आने से दवा लेने जा रहे एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर
बलिया। हल्दी थाना क्षेत्र के बादिलपुर गायघाट ढाले पर शनिवार को बाइक से दवा लेने जा रहे दो युवकों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान रेपुरा गांव निवासी रवि पासवान (22) पुत्र शांत पासवान के रूप में हुई है। वहीं घायल किशोर मंटू चौधरी (17) पुत्र गणेश चौधरी निवासी रेपुरा बताई गई। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घायल को जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर किया गया। गांव में शोक की लहर है।