
जेएनसीयू में मणिपुर स्थापना दिवस पर आयोजित की गई विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत
बलिया। जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय के महिला अध्ययन केन्द्र द्वारा बुधवार को मणिपुर स्थापना दिवस के अवसर पर जयप्रकाश नारायण सभागार में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने दीप प्रज्वलन कर किया। उन्होंने मणिपुर के पूर्ण राज्य बनने की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा राष्ट्रीय एकता में पूर्वोत्तर भारत की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

इस दौरान मणिपुर की संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी रंगोली, पोस्टर/चार्ट, क्विज एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंगोली व पोस्टर प्रतियोगिता में लोकटक झील, संगाई हिरण, मणिपुरी नृत्य एवं हस्तशिल्प जैसे विषयों को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही मणिपुर की संस्कृति पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन तथा विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मणिपुरी लोकनृत्य व नाट्य प्रस्तुति कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र दिए गए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारी, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।