
बलिया में नशीला पदार्थ सूंधाकर महिला को बदमाशों ने किया अगवा
पुलिस ने चार पहिया वाहन की डिग्गी से पीड़िता को किया बरामद
लिफ्ट देने के बहाने बाइक सवार बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम
बलिया। सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र में एक अधेड़ महिला के अपहरण करने की घटना प्रकाश में आते ही पुलिस ने बड़ी वारदात को समय रहते नाकाम कर दिया। बदमाशों द्वारा महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर चार पहिया वाहन की डिग्गी में बंद कर दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने पीड़ता के भाई के लड़के के तहरीर पर बीएनएस 2003 की धारा 140 (3) व 127(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम उचवार निवासी नीतिश कुमार पुत्र कन्हैया राम ने थाना सिकन्दरपुर में तहरीर देकर बताया कि उनकी बुआ सरस्वती (55 वर्ष) पत्नी स्व. चन्दमा राम जो वर्तमान में ग्राम बेलसड़ी थाना नगरा में निवास करती हैं। 19 जनवरी 2026 को वे मेरे गांव उचवार आई थी। शाम के समय दवा लेने के लिए वे रामपुर कटराई गई थी। दवा लेने के बाद झाड़-फूंक कराने के उद्देश्य से वे रामपुर कटराई से ग्राम किकोरा जा रही थी। इसी दौरान संदवापुर गांव के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उन्हें बहला-फुसलाकर ग्राम उचवार छोड़ने का झांसा दिया। भरोसा कर बुआ उनके साथ मोटरसाइकिल पर बैठ गई, लेकिन आरोपी उन्हें गलत रास्ते पर ले जाने लगे। बुआ द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें आगे ले जाकर एक चार पहिया वाहन के पास रोका, जहां उन्हें नशीला पदार्थ सुंघा दिया। महिला के बेहोश होने पर आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ उन्हें चार पहिया वाहन की डिग्गी में बंद कर फरार हो गए। रात करीब 2:58 बजे बुआ ने किसी तरह अपने मोबाइल से भतीजे नीतिश कुमार को फोन कर आपबीती बताई। सूचना मिलते ही नीतिश कुमार मौके पर बीछी बोझ चौराहे पहुंचे, जहां सड़क किनारे एक संदिग्ध चार पहिया वाहन खड़ा मिला। फोन करने पर वाहन की डिग्गी से मोबाइल की घंटी सुनाई दी। इसके बाद युवक ने थाना सिकन्दरपुर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन संख्या UP32 EC 0086 की डिग्गी खोलकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों द्वारा महिला के साथ कोई बड़ी आपराधिक घटना करने की योजना थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।