
बीएसए ने प्रधानाध्यापिका को किया निलंबित, प्रावि परसिया से किया संबद्ध
प्रधानाध्यापिका पर गाली गलौज, अभ्रद्र भाषा प्रयोग करने व मनमाना रवैया अपनाने का लगा था आरोप
बलिया। बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष सिंह ने मंगलवार को शिक्षा क्षेत्र बांसडीह के प्राथमिक विद्यालय (गंगौली) केवरा की प्रधानाध्यापिका रिया देवी को निलम्बित कर प्राथमिक विद्यालय परसिया से संम्बध कर दिया।
आपको बता दे कि गांव के प्रधान व स्कूल की सहायक अध्यापिका के साथ ही अभिभावकों ने बीईओ को पत्र देकर प्रधानाध्यापिका रिया देवी के उपर गाली गलौज, अभ्रद्र भाषा प्रयोग करने तथा मनमाना रवैया अपनाने का आरोप लगाया था। जिसकी जांच कर खंड शिक्षा अधिकारी अनूप त्रिपाठी ने बीएसए को कारवाई के लिए पत्र भेजा था। पत्र में खंड शिक्षा अधिकारी ने उल्लेख किया है कि ग्रामीणों व अन्य ने आरोप लगाया है कि प्रधानाध्यापिका रिया के अनियमित व्यवहार के कारण विद्यालय खुलने और बंद होने का कोई निश्चित समय नहीं है। विद्यालय में कभी भी ताला लगा दिया जाता है। जबकि यहां 41 बच्चों का नामांकन है।अभिभावकों ने बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया और इस पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उधर, प्रधान सुरेश प्रजापति ने पत्र देकर आरोप लगाया था कि प्रधानाध्यापिका का व्यवहार अत्यंत अमर्यादित है। कई बार समझाने के बावजूद उनके रवैये और भाषा में कोई सुधार नहीं हुआ है। विद्यालय की पढ़ाई पूरी तरह से बाधित हो रही है।
विद्यालय में कुल तीन कर्मचारी तैनात हैं, जिनमें प्रधानाध्यापिका रिया , एक अध्यापक और एक शिक्षामित्र शामिल हैं। सहायक अध्यापिका कमलावती देवी ने भी पत्र देकर गाली गलौज करने का आरोप लगाया है। विद्यालय की व्यवस्था सुधरने के बजाय लगातार बिगड़ रही है। बीईओ अनूप त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानाध्यापिका के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थी। उन्होंने बताया कि मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापिका रिया को निलम्बित कर दिया है।