बगीचे में 70 वर्षीय वृद्ध का शव मिलने के बाद सनसनी, मुकदमा दर्ज

Spread the love

बगीचे में 70 वर्षीय वृद्ध का शव मिलने के बाद सनसनी, मुकदमा दर्ज

एक परिवार द्वारा जान से मारने की धमकी व पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने का परिजनों ने लगाया आरोप

बलिया। दोकटी थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव निवासी 70 वर्षीय सुखदेव तिवारी का संदिग्ध परिस्थितियों में मंगलवार की सुबह शव मुरारपट्टी बगीचे के पश्चिम खेत में मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे परिजनो ने पुलिस को सूचना दी। मृतक के परिजनों ने एक ही परिवार द्वारा लगातार धमकी दिए जाने और पुलिस द्वारा समय पर कार्रवाई न किए जाने को मौत का कारण बताया। इस दौरान परिजनों ने शव को उठाने से रोकते हुए उच्चाधिकारियों को बुलाने की मांग की। मौके पर बैरिया थानाध्यक्ष विपिन सिंह तथा पूर्व बैरिया विधायक सुरेन्द्र सिंह भी पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। परिजनों ने स्पष्ट किया कि जब तक मुकदमा दर्ज नहीं होगा,तब तक शव नहीं उठाने दिया जाएगा।

मृतक के पुत्र जगजीत नारायण तिवारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि गांव के ही बुचिया देवी पत्नी काशीनाथ पासवान, पप्पू पासवान, कामता पासवान, मुन्ना पासवान सहित अन्य लोग उनकी जमीन में स्थित दस पेड़ों को जबरन काट रहे थे। विरोध करने पर उनके पिता को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी जाती थी। 10 दिसंबर को दोकटी थाने में शिकायत की गई थी,लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री पोर्टल और 15 दिसंबर को पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत की गई थी। परिजनों का आरोप है कि इन्हीं घटनाओं और मानसिक दबाव के कारण मंगलवार को उनके पिता की जान चली गई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *