
छितेश्वर नाथ शिव मंदिर से निकली विष्णु महायज्ञ के लिए कलश यात्रा
बलिया। छितौनी स्थित श्री छितेश्वर नाथ शिव मंदिर से सोमवार को श्री विष्णु महायज्ञ के लिए कलश यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। कलश यात्रा का शुभारंभ मुख्य आचार्य राधेश्याम महाराज के आशीर्वाद से हुआ। यज्ञ के यज्ञाधिश श्री श्री 108 भानदेव दास महाराज के वैदिक मंत्रोच्चारण और कलश पूजन के बाद यात्रा प्रारंभ की गई। इस दौरान सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश धारण किए हुए भक्ति गीतों और जयघोषों के साथ चल रही थी। यात्रा मंदिर से प्रारंभ होकर छाता, बांसडीह रोड, रोहुआ, सोनवानी, हल्दी, रामगढ़ होते हुए पवित्र गंगा तट तक पहुंची, जहां कलशों में पूजा पाठ के बाद जल भरने का कार्यक्रम हुआ। यात्रा के मार्ग में भक्तों ने पुष्प वर्षा और जलपान की व्यवस्था की। चारों ओर हरि नाम संकीर्तन और जय विष्णु भगवान के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बन गया।