
पूर्व पीएम चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर को भाजपा ने बनाया उम्मीदवार
आखिरकार बलिया लोकसभा से प्रत्याशी पर लगा विराम , नीरज लड़ेंगे चुनाव
लोकसभा और राज्यसभा मिलाकर अब तक पांच बार रह चुके हैं सांसद
बलिया। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा ने बलिया लोकसभा से अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दिया। पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के छोटे पुत्र तथा राज्यसभा सांसद नीरज शेखर को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।10 नवम्बर 1968 में जन्मे नीरज शेखर की असली राजनीतिक शुरुआत 2007 में अपने पिता पूर्व प्रधनमंत्री चंद्रशेखर की मौत के बाद हुई। नीरज शेखर लोकसभा और राज्यसभा मिलाकर कुल पांच बार सांसद बन चुके हैं। छठवीं बार सांसद बनने और तीसरी बार लोकसभा पहुंचने के लिए नीरज शेखर इस बार भाजपा के प्रत्याशी के रूप में बलिया लोकसभा से उम्मीदवारी करेंगे।
पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की मौत के बाद हुए उपचुनाव में नीरज शेखर ने बसपा प्रत्याशी विनय शंकर तिवारी को हराकर जीत हासिल किया। तत्पश्चात 2009 में लोकसभा चुनाव में नीरज शेखर ने संग्राम यादव को शिकस्त देते हुए दुबारा सांसद बनें। इस बीच 2014 में हुए लोक सभा चुनाव में मोदी लहर के बीच समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे नीरज शेखर चुनाव हार गये। इन्हें भाजपा उम्मीदवार भरत सिंह ने शिकस्त दिया। चुनाव हारने के बाद भी नीरज शेखर का कद सपा ने गिरने नहीं दिया और इन्हें राज्यसभा के लिए भेज दिया। 2019 के लोक सभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने नीरज शेखर का टिकट काट दिया। लोकसभा चुनाव में टिकट कटने से नाराज़ नीरज शेखर ने राज्यसभा से इस्तीफा देते हुए समाजवादी पार्टी से नाता तोड़ लिया और भाजपा ज्वाइन कर लिया। इसके बाद 2020 में पुन: भाजपा ने राज्यसभा की उसी सीट पर पुन: राज्यसभा भेज दिया, हालांकि यह चुनाव महज एक साल के बचे कार्यकाल के लिए था। लेकिन भाजपा ने फिर नीरज शेखर पर भरोसा जताया और 2021 में पुन: छह वर्षों के लिए राज्यसभा भेज दिया। राज्यसभा का यह कार्यकाल 2027 तक के लिए था। इसबीच भाजपा ने 2024 लोकसभा आम चुनाव में नीरज शेखर को प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतार दिया।


इनसेट…..
क्या है पारिवारिक बैंक ग्राउंड
बलिया। भाजपा उम्मीदवार नीरज शेखर का पारिवारिक बैकग्राउंड उम्दा रहा है। नीरज शेखर के पिता स्वर्गीय चंद्रशेखर ने केवल बलिया से आठ बार सांसद चुने गए बल्कि देश के प्रधानमंत्री पद को भी सुशोभित किया। मां दूजा देवी के छोटे पुत्र नीरज शेखर के बड़े भाई पंकज शेखर बड़े उद्योगपति हैं। नीरज शेखर की पत्नी डा.सुषमा शेखर तथा पुत्रियां नवेली शेखर व रानियां शेखर हैं।
…………………………….