
शिक्षक दिवस पर CO बैरिया ने छात्रों को किया जागरूक, भारतरत्न डॉ. राधाकृष्णन के विचारों को अपनाने का दिया संदेश
जयप्रकाश नगर। शिक्षक दिवस के अवसर पर क्षेत्राधिकारी बैरिया मो. फहीम कुरैशी ने थाना बैरिया क्षेत्र के अंतर्गत स्थित नरहरि बाबा इंटर कॉलेज कर्णछपरा एवं एसटीएस कंप्यूटर एजुकेशन, लक्ष्मण छपरा में छात्र-छात्राओं के साथ संवाद स्थापित किया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को पुष्प अर्पित कर नमन किया गया।


क्षेत्राधिकारी ने भारतरत्न डॉ. राधाकृष्णन के राष्ट्र निर्माण में योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी रुचि के अनुसार क्षेत्र का चयन करना चाहिए और माता-पिता के दबाव में कोई भी निर्णय नहीं लेना चाहिए। क्षेत्राधिकारी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर भी उपयोगी मार्गदर्शन दिया और छात्रों को आत्मविश्वास, आपसी सहयोग और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “हमारा देश ही नहीं, हमारे छात्र-छात्राएं अब विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।” क्षेत्राधिकारी ने छात्राओं से कहा कि यदि कोई व्यक्ति रास्ते में बाधा डालने का प्रयास करता है, तो उसका साहसपूर्वक सामना करें। उन्होंने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 112, 1090, 108, 181, 1076, 1098, 102 आदि की जानकारी देते हुए सभी को जागरूक किया। यही नहीं साइबर अपराधों के प्रति भी चेताया गया। मो. फहीम कुरैशी ने बताया कि यदि कोई साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है तो तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें, जिससे समय रहते कार्रवाई संभव हो सके। इस मौके पर विद्यालयों के समस्त स्टाफ, अभिभावकगण एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।