बलिया: खाद्यान्न घोटाले में तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी को ईओडब्ल्यू की टीम ने किया गिरफ्तार

Spread the love

बलिया: खाद्यान्न घोटाले में तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी को ईओडब्ल्यू की टीम ने किया गिरफ्तार

बलिया। खबर यूपी के बलिया से है, जहां जिले में दो दशक पहले हुए करोड़ों रुपए के घोटाले का जिन्न रुक-रुक कर बाहर आ रहा है। शनिवार को ईओडब्ल्यू वाराणसी की टीम ने पंदह ब्लॉक के तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी राजेंद्र प्रसाद वर्मा को खाद्यान्न घोटाला और गबन के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
बता दे कि वर्ष 2002 से 2005 के बीच सम्पूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना के तहत पंदह ब्लॉक के विभिन्न गांवों में विकास कार्य कराए जाने थे। इनमें मिट्टी कार्य, नाली निर्माण, खड़ंजा, सड़क मरम्मत और पुलिया निर्माण शामिल थे। जांच में पाया गया कि ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम प्रधान और कोटेदारों ने मिलकर फर्जीवाड़ा किया। मस्टर रोल पर फर्जी श्रमिकों के नाम दर्ज कर 34.70 लाख रुपये की राशि और 32.43 लाख रुपये के खाद्यान्न का गबन किया गया। कुल मिलाकर 67.13 लाख रुपये के सरकारी धन का घोटाला किया गया। साक्ष्य संकलन में कुल 12 लोगों की संलिप्तता मिली थी। आरोपी राजेंद्र प्रसाद वर्मा को उनके पंदह स्थित आवास के पास से शनिवार को गिरफ्तार किया गया। जिन पर धोखाधड़ी, जालसाजी और भ्रष्टाचार के आरोप हैं। आरोपी को भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट वाराणसी में पेश किया जाएगा। गिरफ्तारी करने वाली टीम में ईओडब्ल्यू वाराणसी की टीम के निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा, निरीक्षक अरविंद कुमार व अन्य पुलिस कर्मी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *