
बाइक की चपेट में आने से आटो चालक की मौत, पिता-पुत्र घायल
आटो खड़ा कर पैदल घर जा रहा था आटो चालक
बांसडीह गांधी आश्रम के पास हुआ सड़क हादसा

बलिया। बांसडीह-बलिया मार्ग पर शुक्रवार की देर रात गांधी आश्रम के पास बाइक की चपेट में आने से आटो चालक की मौत हो गई। हादसे में घायल बाइक सवार को भी सीएचसी में इलाज के बाद जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के पिंडहरा गांव निवासी मंजय यादव 30 वर्ष आटो चलाता था। शुक्रवार की रात करीब दस बजे बांसडीह चौराहे के पास आटो खड़ा कर अपने घर पैदल जा रहा था। जैसे ही बांसडीह ब्लाक से थोड़ा आगे मुख्य सड़क पर बढ़ा कि बाइक सवार ने मंजय यादव को धक्का मार दिया। जिस से वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर, बाइक पर सवार राजेश 48 वर्ष उसका 20 वर्षीय पुत्र रमन भी घायल हो गए। ग्रामीणों ने तीनों घायलों को सीएचसी बांसडीह पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने तीनों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जहां मंजय की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि बाइक सवार पिता-पुत्र की जिला चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। मृतक मंजय की एक पुत्री अंशिका व पुत्र दीपक है।
चालक के शोक में नहीं चले आटो, यात्री रहे हलकान
बलिया। आटो चालक मंजय यादव की मौत की जानकारी होने पर आटो चालक संघ के अध्यक्ष राजू सिंह के नेतृत्व में सभी चालकों ने शोक में आटो का संचालन शनिवार को बंद कर दिया। दुर्गा मंदिर पर बैठक कर शोक व्यक्त किया। आटो नहीं चलने से जिला मुख्यालय जाने वाले यात्रियों को दुश्वारियां झेलनी पड़ी।