धन दोगुना करने का झांसा देकर एक दर्जन महिलाओं से लाखों की ठगी

Spread the love

धन दोगुना करने का झांसा देकर एक दर्जन महिलाओं से लाखों की ठगी

आई थी बर्तन बेचने, लाखों रुपए के गहने लेकर हुई फरार

ठगी की शिकार महिलाओं ने थाने में दी तहरीर

बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के बलुआ, बंगला, रामपुर भोज की रहने वाली आधा दर्जन महिलाओं के साथ शुक्रवार को एक बर्तन बेचने वाली महिला ने ठगी कर फरार हो गई। इस दौरान घर के अधिकांश पुरुष बाहर गए हुए थे। ठगी की शिकार महिलाओं ने थाने में देर रात तहरीर दिया। जिसके बाद पुलिस छानबीन में जुट गई।






मिली जानकारी के अनुसार गड़वार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रामपुर भोज के बलुआ,बंगला की रहने वाली महिलाओं ने बताया कि ठग महिला ने बातों ही बातों में बर्तन बेचने के बहाने तमाम स्कीम के बारे में बताया। इसमें जेवर व पैसा दोगुना होने का भी लालच दिया। गांव की महिलाएं ठग महिला की बातों में आ गई तथा अपने कीमती गहने लाकर उसे दे दिया। ठग महिला ने कहा कि वह शाम को तीन बजे आएगी और सबके जेवर आदि दूना कर लौटा देगी। जब वह शाम पांच बजे तक नहीं आई तो गांव की महिलाओं को शक हुआ। उन्होंने आपस में पूछताछ शुरू की तथा धीरे-धीरे परिजन को भी बताया। परिजन ने उक्त महिला की छानबीन की, लेकिन वह गहने लेकर फरार हो चुकी थी। ठगी की शिकार महिलाओं ने बताया कि विगत तीन-चार दिनों से एक अज्ञात महिला गांव में पुराने बर्तन बदलकर नए बर्तन देती थी,ये सिलसिला लगातार तीन चार दिनों से चल रहा था।





शुक्रवार को कुछ सोने के जेवरात लेकर आई और कहने लगी कि आप सभी अपने-अपने सोने एवं चांदी के आभूषण दे दीजिए। इसके बदले में आप लोगों को आभूषण के साथ ही उसकी कीमत से दोगुना पैसा दूंगी। वहीं उसने उन महिलाओं को विश्वास में ले लिया और तीन बजे शाम तक देने का वादा किया। हम महिलाएं उसके झांसे में आकर अपना सारा आभूषण उस महिला को सौंप दिया और दिए समय तक बेसब्री से इंतजार करने लगी,लेकिन देर शाम तक वापस नही लौटी। सभी पीड़ित महिलाएं शुक्रवार की रात करीब आठ बजे थाने पहुंची और तहरीर दिया। मामले की लिखित शिकायत दी। इस प्रकार की दो से तीन महिलाएं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में घूम रही हैं जो बर्तन बेचने के बहाने महिलाओं को कई स्कीम बताती हैं तथा उनका कीमती जेवरात लेकर चंपत हो जाती हैं। इस बाबत थानाध्यक्ष मूलचंद चौरसिया ने बताया कि आसपास के थानों में महिला को चिह्नित करने के लिए सूचना दे दी गई है। उसे पकड़ने के लिए प्रयास किया जा रहा है।





यह महिलाएं हुई ठगी का शिकार

ठगी की शिकार हुई महिलाओं में बिन्दुलता पत्नी देशराज, फूलमती पत्नी ओमप्रकाश, मीरा पत्नी गुलाब चंद, सीमा पत्नी चंदन, निर्मला पत्नी दीपांशु, आशा पत्नी दूधनाथ, सुनीता पत्नी श्रवण एवं काजल पत्नी शैलेन्द्र आदि शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *