अजय के निधन पर पूर्व सीएम अखिलेश व पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने शोक संवेदना किया प्रकट

Spread the love

अजय के निधन पर पूर्व सीएम अखिलेश व पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने शोक संवेदना किया प्रकट

बलिया। समाजवादी पार्टी बलिया के बैरिया विधानसभा के जिला सचिव व क्षेत्र के करमानपुर गांव निवासी अजय कुमार सिंह के निधन पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गहरा शोक प्रकट किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट किया है। अजय कुमार सिंह का किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज लखनऊ में इलाज के दौरान निधन हो गया था। उधर निधन की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी बलिया में शोक की लहर दौड़ गई। समाजवादी पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं ने शोक संवेदना व्यक्त किया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने अपने शोक संवेदना में कहा कि स्वर्गीय अजय सिंह एक कर्म एवं निर्भीक समाजवादी कार्यकर्ता थे। व्यक्तिगत रूप से भी वह मेरे बहुत बड़े शुभचिंतक थे, उनके निधन से समाजवादी पार्टी ने एक कर्मठ सुयोग्य कार्यकर्ता खोया है। समाजवादी पार्टी बलिया के जिलाध्यक्ष एवं फेफना विधानसभा क्षेत्र के विधायक संग्राम सिंह यादव ने कहा कि स्वर्गीय अजय सिंह हमारे साथ संगठन में काम कर रहे थे और बैरिया क्षेत्र में पार्टी के सबसे विश्वसनीय स्तंभ थे, उनके निधन से समाजवादी पार्टी को बहुत बड़ी हानि हुई है। पार्टी उपाध्यक्ष/प्रवक्ता सुशील कुमार पाण्डेय “कान्हजी”ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. अजय सिंह मेरे घनिष्ठतम मित्र थे, जब भी मिलते पूरे गर्मजोशी से मिलते थे और हमेशा समाजवादी पार्टी के मजबूती के लिए सोचते थे। किसी भी परिस्थिति में पार्टी के साथ खड़ा रहना उनकी पहचान थी। क्षेत्रीय विधायक जयप्रकाश अंचल ने कहा कि मेरे लिए अजय सिंह एक अंग के समान थे, उनका असमय हम लोगों को छोड़ कर जाना बहुत बड़ा आघात है। ईश्वर उन्हें अपने चरणों में स्थान प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *