
मृतक पिंटू यादव के बड़े भाई ने एसपी को पत्रक सौंप हत्या का लगाया आरोप
फेफना रेलवे स्टेशन के पास एक माह पूर्व ट्रैक पर मिला था पिंटू यादव का शव
घर से पिंटू को बाइक से साथ ले जाने का चेरुइया गांव के दो लोगों पर लगाया आरोप
बलिया। रेलवे ट्रैक पर मिले पिंटू यादव के शव के मामले में फेफना कस्बा के छोटकी नरही निवासी गुड्डू यादव ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंप न्याय की गुहार लगाई है।
Slide :
पत्रक में उल्लेख किया है कि विगत तीन अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे घर पर छोटे भाई पिन्टू यादव से घर गृहस्थी के बारे में बातचीत कर रहा था, तभी एक ही बाइक पर सवार फेफना थाना क्षेत्र के चेरुइया निवासी अमित यादव उर्फ साधू यादव एवं अखिलेश यादव पुत्र योगेन्द्र यादव मेरे दरवाजे पर आये और अमित यादव उर्फ साधू यादव ने मेरे भाई पिन्टू यादव को बुलाया और अपने साथ ले जाने को कहा। उस समय घर पर मैं, हमारे चाचा श्रीभगवान यादव, पिता विजय बहादुर यादव और हमारी मॉ लक्ष्मीनिया देवी मौजूद थी। मेरा भाई पिन्टू यादव अपनी बाइक लेकर अमित यादव ऊर्फ साधू यादव को बैठा कर घर से निकल गया। साथ में अखिलेश यादव भी दूसरी बाइक से उसके पीछे निकला। एक घंटे तक हमने अपने भाई पिन्टू यादव के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल स्वीच आफ बता रहा था। करब चार घंटे बाद गांव में शोर-गुल होने के बाद मुझे पता चला कि मेरा भाई पिन्टू यादव ट्रेन से कट गया। मैंने दौड़कर क़पूरी नारायनपुर रेलवे ट्रैक के पास गया तो देखा कि पुलिस उठाकर उसको नीचे ला रही थी। मुझ प्रार्थी को संदेह है कि मेरे भाई को अमित यादव ऊर्फ साधू यादव ने हत्या कर अखिलेश यादव के सहयोग से रेलवे ट्रैक पर सुला दिया। ताकि आत्महत्या का रूप दिया जा सके। उसके बाइक की चाबी व मोबाइल अभी तक नहीं मिला है। इस बाबत क्षेत्राधिकारी सदर श्यामकांत ने बताया कि मामले को संज्ञान में लेकर गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष को निश्चित रूप से न्याय मिलेगा।



















