
दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, होटल सील
होटल के दो कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
आरोप: किशोरी को बहला फुसलाकर युवक ने किया था दुष्कर्म

बलिया। नरही थाना क्षेत्र के भरौली स्थित होटल में किशोरी के साथ हुए दुष्कर्म मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वही होटल को सील करते हुए दो कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उधर रात में ही एसपी विक्रांत वीर ने फोरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। एनएच किनारे संचालित होटल पर कई बार रेड पड़ी, लेकिन वह हर बार बचता रहा। इस होटल का यूपी व बिहार से कनेक्शन है।

बता दें कि शनिवार को नरही थाना क्षेत्र की कक्षा नौवीं में पढने वाली किशोरी को बहला फुसलाकर चितबड़ागांव क्षेत्र का एक युवक भरौली चौराहा के पास स्थित होटल में ले गया था। आरोप है की होटल में युवक ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। इसकी जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। इसके बाद नरही पुलिस ने अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपाशंकर एवं सीओ सदर श्याम कांत के नेतृत्व में भरौली स्थित होटल में छापेमारी की और वहां का निरीक्षण किया। एएसपी समेत पुलिस ने करीब एक घंटे तक सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। पुलिस के अनुसार सुराग हाथ लगा है। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की डीबीआर लेकर थाने चली गई। देरशाम में एसपी भी घटना स्थल पर पहुंचे और कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया। पुलिस ने होटल को सील कर दो कर्मियों को हिरासत में लेकर पूछताछ का रही है। इस बाबत पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने बताया कि किशोरी से दुष्कर्म मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के कब्जे में आया डीबीआर खोलेगा कई राज
बलिया। किशोरी से दुष्कर्म मामले में पुलिस ने नरही थाना क्षेत्र के भरौली स्थित होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीबीआर को कब्जे में लिया है। बताया जाता है कि यह होटल बहुत बदनाम है और यहां कई तरह की गलत गतिविधियां पूरे दिन चलती रहती हैं। सूत्रों की माने तो पुलिस डीबीआर को खंगालने में जुटी है और यह डीबीआर होटल के कई राज को खोल सकता है। इसमें पुलिस की ओर से बड़ी कार्रवाई भी होटल संचालक के खिलाफ हो सकती है।