
कानूनगो मारपीट मामले में हर्षित गिरफ्तार, शेष फरार
सदर तहसील पर लेखपाल व कानूनगो का चल रहा धरना
सात अगस्त को कानूनगो की कोतवाली गेट पर अराजकतत्वों ने की थी पिटाई
दो नामजद व 10 अज्ञात के विरुद्ध दर्ज है एससी-एसटी का मुकदमा
बलिया। सात अगस्त को कोतवाली गेट के सामने अराजकतत्वों द्वारा कानूनगो की पिटाई किए जाने के मामले में पुलिस ने सोमवार को मुख्य आरोपी हर्षित दुबे को गिरफ्तार कर लिया। उधर, लेखपाल व कानूनगो का मॉडल तहसील में कार्य का बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन कालीन धरना चल रहा है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बीते सात अगस्त 2024 को शहर कोतवाली गेट के सामने कानूनगो मोतीलाल राम को अराजकतत्वों ने मारपीट कर चुटहिल कर दिया था। जिसकी जानकारी होने पर लेखपाल व कानूनगो कोतवाली गए और आरोपियों की 24 घण्टे के अंदर गिरफ्तारी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना की चेतावनी दिया था। जब गिरफ्तारी नहीं हुई तो लेखपाल व कानूनगो मॉडल तहसील पर अनिश्चितकालीन धरना पर आरम्भ कर दिया। उधर पुलिस ने इस मामले में कानूनगो मोतीलाल राम की तहरीर पर दो नामजद व 10 अज्ञात के विरुद्ध एससी-एसटी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई आरंभ किया। जिसके तहत सोमवार को हर्षित दुबे को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इस बाबत शहर कोतवाल योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि कानूनगो की पिटाई के मामले हर्षित दुबे को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।