
बलिया में हवा भरने वाली टंकी फटी, दुकानदार की पत्नी की मौत, पति गंभीर
बलिया के केवरा चट्टी पर हुआ हादसा, मची अफरा – तफरी
बलिया। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के केवरा चट्टी पर सोमवार की दोपहर वाहनों में हवा भरने वाली बड़ी टंकी फटने से दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में दुकानदार की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर कर दिया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस में रखवा दिया।
मिली जानकारी के अनुसार बांसडीह कोतवाली के केवरा गांव निवासी 45 वर्षीय रवि कुमार वर्मा बांसडीह-सहतवार मार्ग पर केवरा चट्टी पर दोपहिया व चारपहिया वाहनों में हवा भरने की दुकान चलाते हैं। सोमवार की दोपहर उनकी 40 वर्षीय पत्नी 40 रेनू देवी घर से खाना लेकर दुकान पर पहुंची और दुकान के अंदर टंकी के पास बैठ गई। इसी दौरान रवि चाय लेने चला गया। चाय लेकर जैसे ही वह दुकान पर वापस आया, तभी हवा की बड़ी टंकी अचानक फट गई। धमाके के साथ रवि और रेनू देवी उछलकर दूर जा गिरे। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को सीएचसी बांसडीह लेकर गए। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने रेनू देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि रवि की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि रवि के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। दंपती का एक 12 वर्षीय बेटा राजीव है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जिला अस्पताल पहुंचे ग्राम प्रधान दिलीप तिवारी, बृजेश सिंह, अजीत मिश्रा, रमेश गुप्ता सहित अन्य लोगों ने शोक व्यक्त किया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।