नगर में धूमधाम से निकली बाबा भोलेनाथ की भव्य बारात

Spread the love

नगर में धूमधाम से निकली बाबा भोलेनाथ की भव्य बारात

हजारों नर नारियों ने किया प्रतिभा, गाएं मांगलिक गीत

बलिया। महाशिवरात्रि के अवसर पर नगर के बाबा बालेश्वर मंदिर, गोला रोड स्थित कैलाश धाम, मिड्ढी स्थित शिव मंदिर से रविवार को बाबा की भव्य शिव बारात निकाली गई। बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर से भोले नाथ की बारात करीब चार बजे निकाली गई। बारात नगर के विभिन्न मार्ग होते हुए पुन: शाम को मंदिर पहुंची। जहां मंदिर परिसर में शिव पार्वती के विवाह की महिलाओं ने मांगलिक गीत गाया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा की पालकी को कंधे लगाकर निकाली। जिससे पूरा नगर शिवमय हो गया।


बाबा भोले नाथ की बारात मंदिर से निकलकर जापलिनगंज नया चौक, तहसील स्कूल, एलआईसी रोड, मालगोदाम रोड, स्टेशन रोड, स्टेशन-चौक रोड, गुदरी बाजार रोड, लोहापट्टी, चमन सिंह बागरोड, महावीर घाट रोड, विजय टाकिज रोड होते हुए पुन: बालेश्वर मंदिर पहुंचा। बाबा के बारात में हजारों नर-नारियों ने सहभागिता की। बाबा के बारात में गाजे-बाजे एवं विभिन्न प्रकार की भोले नाथ के विभिन्न स्वरूपों तथा राक्षसों की झांकियां निकाली गई जो बारात की शोभा बढ़ा रही थी। इस बारात में अंग्रेजी बाजा सहित विभिन्न प्रकार के बाजे व डीजे शामिल रहे। उधर, मिड्ढी स्थित शिव मंदिर से बारात निकलकर मिड्ढी चौराहा, टीडी चौराहा, कुंवर सिंह चौराहा, पुलिस लाइन, एनसीसी तिराहा, कोतवाली रोड, काजीपुरा रोड, एससी कालेज चौराहा, मालगोदाम रोड, स्टेशन-चौक रोड, विजय टाकिज रोड, एलआईसी रोड होेते हुए पुन: मंदिर पर पहुंचा। बारात के बाद जिले के प्रमुख शिवालय प्रांगणों में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। वहीं महिलाओं ने मांगलिक गीत भी गाया।

बाबा की बारात में शोभा बढ़ा रही थी झांकियां

बाबा बालेश्वर नाथ की बारात में एक से बढ़कर एक उनके विभिन्न स्वरूपों की झांकियां निकाली गई थी जो आकर्षित कर रही थी। उधर बाहर से आए कलाकारों ने राधा कृष्ण का स्वरुप बनकर एक से बढ़कर एक नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं डीजे पर युवक थिरकते नजर आए। बाबा के गीत और जयकारे से नगर समेत पूरा जनपद शिवमय हो गया।

भक्तों ने ठंडई और प्रसाद का उठाया लुफ्त

बाबा की बारात में बाबा के भक्तों ने नगर के विभिन्न मार्गों पर जगह-जगह प्रसाद और ठंडई का स्टाल लगाया था। वहीं व्रतधारियों के लिए फलाहार की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान कही पुड़ी, सब्जी तो कहीं चावल छोले की प्रसाद के रूप में व्यवस्था की गई थी। जहां हजारों नर नारियों एवं बालकों ने प्रसाद ग्रहण किया।

श्री भृगु क्षेत्र भक्त मंडल, बलिया (डमरू दल) ने बिखेरा जलवा

श्री भृगु क्षेत्र भक्त मंडल, बलिया (डमरू दल) के नेतृत्व में महिला व पुरुषों ने बाबा भोलेनाथ की बारात में पारंपरिक वेश में डमरू, झांझ, ढोल बजाकर जलवा बिखरने का काम किया। जिसकी हर कोई प्रशंसा कर रहा था। यह डमरू दल बाबा के बारात में पूरे नगर क्षेत्र में अपने पारंपरिक वेशभूषा के साथ वादन किया। यह डमरू दल जनपद ही नहीं, अपितु गैर जनपद व गैर प्रांत में जाकर भी अपना प्रतिभा का जलवा बिखेर चुके हैं।

खुफिया विभाग से लेकर सुरक्षा कर्मी रहे मुस्तैद

बाबा की बारात में किसी प्रकार की कोई अनहोनी ना हो और भारी भरकम भीड़ को देखते हुए खुफिया विभाग से लेकर सुरक्षाकर्मी बाबा बालेश्वर मंदिर से अंदर से लेकर बाहर और बारात में चप्पे चप्पे पर मुस्तैद रहे, ताकि कोई भी उचक्का गिरी ना कर सके। सुरक्षाकर्मियों और भक्तों के सहयोग से बाबा भूतनाथ की बारात देर रात सकुशल संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *