
बोल्डर लेकर आ रहा ट्रेलर गुमटियों को तोड़ते हुए गड्ढे में उतरा, एक युवक घायल
नगरा-रसड़ा मार्ग के सोनापाली चट्टी पर हुआ हादसा
बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के नगरा रसड़ा मार्ग के सोनापाली चट्टी पर गुरुवार को सुबह बोल्डर लेकर आ रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गुमटियों को तोड़ते हुए गड्ढे में उतर गया। इस दौरान गुमटी के पास खड़ा एक युवक का पैर पूरी तरह जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए मऊ ले जाया गया जहां से चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।

मिली जानकारी अनुसार एक ट्रेलर बोल्डर लेकर रसड़ा की तरफ से नगरा की ओर आ रही थी। जैसे ही ट्रेलर सोनापाली पहुँचा अनियंत्रित होकर गुमटियों को टक्कर मारते हुए गड्ढे में चल गया। चट्टी पर सोनापाली निवासी नौसाद की दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। लोगों की माने तो वहां गुमटी के पास दातुन कर रहा सोनापाली निवासी करन 20 वर्ष जब ट्रेलर को अनियंत्रित देखा तो वहां से भागा, लेकिन गड्ढे में गिर गया। जिससे ट्रेलर उसको टक्कर मारते हुए गड्ढे में चला गया। ट्रेलर का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। ट्रेलर की टक्कर से युवक का पैर पूरी तरह से जख्मी हो गया। वहां पर मौजूद लोगों ने युवक को मऊ अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने गंभीरावस्था देख वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।