लखनऊ में सजेगा हुनर का मंच, तरंग 2026 में प्रतिभाग करेंगी बलिया की 10 बालिकाएं

Spread the love

लखनऊ में सजेगा हुनर का मंच, तरंग 2026 में प्रतिभाग करेंगी बलिया की 10 बालिकाएं

नृत्य, संगीत और कला में बलिया की बेटियां करेंगी प्रदेश का नाम रोशन

बलिया। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय बालिका गृह, बलिया की 10 बालिकाओं की टीम राज्य स्तरीय कार्यक्रम ‘तरंग 2026’ में प्रतिभाग करने के लिए लखनऊ रवाना हुई। आगामी 30 तारीख को लखनऊ में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जनपदों से बच्चे प्रतिभाग करेंगे। इस मंच पर बच्चों को अपनी प्रतिभा, लगन, मेहनत और रचनात्मक सोच प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

जिला प्रोवेशन अधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन ने 10 बालिकाओं की टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनपद बलिया की ये 10 बालिकाएं नृत्य, संगीत, कला एवं आर्ट के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन राज्य स्तर पर करेंगी। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी बालिकाओं को सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारना और उन्हें अपनी कला एवं हुनर को बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम के साथ ही बालिकाओं को लखनऊ के प्रसिद्ध एवं महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा, जिससे उन्हें नई जानकारियां और अनुभव प्राप्त होंगे।
बालिकाओं की इस टीम के साथ राजकीय बालिका गृह की अध्यक्ष अमीता रानी जैन, जिला मिशन कोऑर्डिनेटर सुश्री अंजलि, मनसा, सपना सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी रवाना हुए हैं। टीम के साथ गए अधिकारी एवं कर्मचारी पूरे कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं के साथ मौजूद रहेंगे तथा कार्यक्रम संपन्न होने के बाद उन्हें सुरक्षित वापस बलिया लेकर आएंगे। तरंग 2026 में बलिया की इन 10 बेटियों की भागीदारी न केवल उनकी प्रतिभा को नई पहचान दिलाने का अवसर है, बल्कि उनके आत्मविश्वास और रचनात्मक विकास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *