
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए डीएम ने की जनपदवासियों से अपील
18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवा भरें फॉर्म-6, मतदाता सूची में जुड़वाएं नाम
लोकतंत्र की मजबूती के लिए वोटर लिस्ट में नाम होना जरूरी : डीएम



बलिया। जनपद में मतदाता सूची के पुनरीक्षण एवं विस्तार अभियान के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने जनपदवासियों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा त्रुटियों को दुरुस्त कराने की अपील की है। तहसील स्कूल, बलिया (क्षेत्र हनुमानगंज), प्राथमिक विद्यालय भृगु आश्रम-1, कंपोजिट उच्च माध्यमिक विद्यालय भृगु आश्रम एवं विधान सभा बलिया क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्र से नागरिकों को जागरूक करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना आवश्यक है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी नागरिक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन करें। विशेष रूप से वे युवा, जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, मतदाता बनने के लिए अपना पंजीकरण अवश्य कराएं।





उन्होंने नवविवाहित महिलाओं से भी अपील की कि शादी के बाद दूसरे जनपद या स्थान से बलिया आई हैं और उनका नाम यहां की मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज कराएं। वहीं, जिन मतदाताओं के नाम, पते अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है या जिन्हें पता परिवर्तन कराना है, वे संशोधन एवं स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 भरें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मृतक मतदाताओं के परिजनों से भी अनुरोध किया कि वे संबंधित बूथ पर पहुंचकर बीएलओ को इसकी जानकारी दें, ताकि मृतक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा सकें और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। इसकी शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे समय रहते अपने बूथ पर बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें, जिससे आगामी चुनावों में मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का निर्भीक होकर प्रयोग कर सके।