
ददरी मेला के नंदीग्राम मेले में पहुंचा 11 लाख का मेवाड़ी घोड़ा
11 लाख के मेवाड़ी घोड़े ‘देवसरपंच’ ने मंत्री व डीएम का खींचा ध्यान
ददरी मेले के पशु बाजार में दिखा घोड़ों का शाही जलवा


बलिया। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और जिलाधिकारी ने पशु मेले का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हरियाणा, पंजाब, राजस्थान सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए अलग-अलग नस्लों के घोड़ों को देखा और उनकी विशेषताओं की जानकारी ली। पशु मेले में एक से बढ़कर एक शानदार घोड़े आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं, लेकिन 11 लाख रुपये कीमत के मेवाड़ी नस्ल के घोड़े ‘देवसरपंच’ ने विशेष रूप से सबका ध्यान खींचा।


निरीक्षण के दौरान परिवहन मंत्री ने घोड़ों की कद-काठी, बनावट और उनकी नस्लों को करीब से देखा। पशु मेले में छह लाख रुपये कीमत के घोड़े भी आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं, 14 वर्षीय मेवाड़ी नस्ल का घोड़ा देवसरपंच अपनी खास पहचान और 11 लाख रुपये की कीमत के कारण चर्चा में रहा। घोड़े की शानदार बनावट और विशेषताओं को देखकर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने उसकी काफी प्रशंसा की। उन्होंने पशु मेले में पहुंचे घोड़ों की नस्लों और उनकी खूबियों में भी रुचि दिखाई। ददरी मेले का पशु बाजार वर्षों से इसकी खास पहचान रहा है। यहां देश के विभिन्न राज्यों से पशुपालक और घोड़ा व्यापारी अपने बेहतरीन नस्ल के पशुओं के साथ पहुंचते हैं। घोड़ों की खरीद-बिक्री के साथ उनकी नस्ल, बनावट और कीमत को लेकर भी लोगों में खास उत्सुकता रहती है। इस बार भी पशु मेले में विभिन्न राज्यों से आए घोड़ों की मौजूदगी ने मेले की रौनक बढ़ा दी है। चेतक प्रतियोगिता में भाग लेने वाले घोड़ों की 25 नवंबर के बाद आने की उम्मीद है। भूमि पूजन के बाद मंत्री और जिलाधिकारी का निरीक्षण इस बात का संकेत है कि प्रशासन ददरी मेले के पारंपरिक पशु बाजार सहित सभी आकर्षणों को बेहतर स्वरूप देने पर विशेष ध्यान दे रहा है। इस मौके पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, चेयरमैन संत कुमार गुप्ता उर्फ मिठाई लाल, महिला आयोग के सदस्य श्रीमति सुनीता श्रीवास्तव एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।